देश की 3 लोकसभा और 5 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। लोकसभा उपचुनाव में भाजपा ने 2-1 से जीत दर्ज की है। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत हुई है। वहीं पंजाब की संगरूर लोक सभा सीट पर शिरोमणि अकाली दल अमृतसर ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका देते हुए संगरूर सीट पर कब्जा जमा लिया है।
7 विधानसभा सीटों में भाजपा को तीन, कांग्रेस को दो और वाईएसआरसीपी और आम आदमी पार्टी को एक-एक सीट मिली है।
23 जून को देश की 3 लोकसभा सीटों सहित 5 राज्यों के 7 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ था। इन चुनाव में उत्तर प्रदेश की 2 लोकसभा से पंजाब की एक लोक सभा सीट शामिल थी। वहीं विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा 4 सीटें त्रिपुरा और एक एक सीट झारखंड,आंध्र प्रदेश और दिल्ली की थी।
लोकसभा उपचुनाव में भाजपा ने सपा के गढ़ माने जाने वाले आजमगढ़ में यादव परिवार के ही सदस्य धर्मेंद्र यादव को हरा दिया है। आजमगढ़ में भोजपुरी सुपरस्टार और भाजपा उम्मीदवार दिनेश लाल यादव निरहुआ ने जीत हासिल की। उन्होंने सपा उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव को 8,679 वोटों से हराया। दूसरी तरफ आजम खान का गढ़ माने जाने वाले रामपुर में भी भाजपा ने अपना परचम लहराया है। भाजपा प्रत्याशी घनश्याम लोधी ने सपा प्रत्याशी आसिम राजा को 42 हजार से भी अधिक वोटों से चुनाव हराया है।
पंजाब के संगरूर में शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान ने 5,822 वोटों से जीत दर्ज की है। आम आदमी पार्टी के गुरमेल सिंह दूसरे नंबर पर रहे, जबकि कांग्रेस के दलवीर गोल्डी तीसरे नंबर पर रहे। यहां पर अकाली दल और BJP के उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है।
विधानसभा की भी सातों सीटों के नतीजे आ चुके हैं। इन सीटों पर 23 जून को वोटिंग हुई थी। इसमें दिल्ली की राजेंद्र नगर सीट पर आप ने जीत हासिल की है। वहीं, त्रिपुरा की 4 में से 3 सीटों पर भाजपा और 1 सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। आंध्र प्रदेश की आत्मकुर सीट पर YSR कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। झारखंड की मांडर सीट पर कांग्रेस जीती है।
रामपुर में सपा के आसिम राजा और भाजपा के घनश्याम लोधी के बीच मुकाबला था। कांग्रेस ने इन उपचुनाव को ना लड़ने की घोषणा की थी तो वहीं बसपा ने रामपुर में अपना प्रत्याशी ना उतारने की बात कही थी। उधर, आजमगढ़ में सपा के धर्मेंद्र यादव, भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ और बसपा के शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली के बीच त्रिकोणीय टक्कर रही।
आजमगढ़ अखिलेश और रामपुर की सीट आजम खान के इस्तीफा देने से खाली हुई थी। दोनों जगहों पर पहले सपा का कब्जा रहा है। 2019 के चुनाव में इन दोनों नेताओं ने इन सीटों पर जीत दर्ज की थी और फिर 2022 के में हुए विधानसभा चुनाव में अखिलेश ने मैनपुरी करहल और आजम खान ने रामपुर की रामपुर सदर सीट से जीत दर्ज की थी। विधानसभा चुनाव में जीत के बाद दोनों नेताओं ने लोकसभा से इस्तीफा देने का फैसला किया था।
वहीं पंजाब के संगरूर लोक सभा सीट आप के भगवंत मान के मुख्यमंत्री बनने के बाद दिए इस्तीफे से खाली हुई थी। 2019 में भगवंत मान ने संगरूर लोक सभा सीट से दर्ज की थी। 22 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने मान को सीएम फेस बनाया था और पार्टी जीत करके सरकार बनने में भी कामयाब हुई। भगवंत मान ने मुख्यमंत्री बनने के बाद लोकसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद यह चुनाव हुए।
इन चुनावों के बाद लोकसभा में सपा की सीटें 5 से घटकर 3 हो गई हैं। वही लोकसभा में अब आप का प्रतिनिधित्व नहीं रह गया है। 2019 में आम आदमी पार्टी ने सिर्फ एक ही सीट जीती थी जो वह उपचुनाव में हार गई।
उद्देश्य ठाकुर